सरिया

साल्हेओना धान खरीदी केंद्र में 99 लाख का घोटाला, बिना धान आवक के की फर्जी एंट्री – समिति प्रबंधक और ऑपरेटर गिरफ्तार

सरिया। धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सरिया पुलिस ने साल्हेओना उपार्जन केंद्र क्रमांक 245 में बिना धान आवक के ऑनलाइन एंट्री कर 99.12 लाख रुपये गबन करने वाले समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

‘3140 क्विंटल धान का फर्जी लेनदेन‘
सहायक खाद्य अधिकारी बरमकेला विद्यानंद पटेल की रिपोर्ट पर थाना सरिया में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पाया गया कि खरीफ वर्ष 2025-26 में 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक धान खरीदी के दौरान केंद्र में गंभीर अनियमितता हुई।

कलेक्टर के आदेश पर हुई जांच में खुलासा
जिला कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने 20 अप्रैल 2026 को साल्हेओना केंद्र का भौतिक सत्यापन किया। इसमें 3140.80 क्विंटल धान कीमत 97,36,480 रुपये एवं 2045 नग नया जूट बारदाना कीमत 1,75,931.35 रुपये, कुल 99,12,411.35 रुपये की कमी पाई गई।

‘बायोमेट्रिक और आईरिश स्कैनर से की फर्जी एंट्री’
पूछताछ में खुलासा हुआ कि समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल ने किसानों के नाम से 3140.80 क्विंटल धान बिना आवक के फर्जी टोकन कटवाकर तौल कराया। कंप्यूटर सिस्टम में बायोमेट्रिक डिवाइस और आईरिश स्कैनर के जरिए ऑनलाइन एंट्री कर किसानों से मिलीभगत कर 99.12 लाख का गबन किया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. बंशीधर पटेल पिता मोतीराम पटेल, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम कटंगपाली ‘अ’, थाना सरिया – समिति प्रबंधक
  2. वासुदेव पटेल पिता मगन पटेल, उम्र 48 वर्ष, निवासी वार्ड 07 बरमकेला, थाना बरमकेला – कंप्यूटर ऑपरेटर

सबूत जब्त
पुलिस ने बंशीधर पटेल से तौल पर्ची, बायोमेट्रिक OTP वाला मोबाइल और वासुदेव पटेल से 2 कंप्यूटर सिस्टम, बायोमेट्रिक डिवाइस, आईरिश स्कैनर जब्त किया है। उपार्जन केंद्र के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्र.आर. सुरेन्द्र सिदार, मोहन गुप्ता, विजय यादव, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल, दिगम्बर पटेल, म.आर. सविता यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Santosh Chauhan

EDITOR MO.NO.- 9691527555 9479016462

Related Articles

Latest