बरमकेला

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तिहरा हत्याकांड: घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, तीन की मौत


सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाल में सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे एक सनसनीखेज हत्याकांड की घटना सामने आई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमर साय सारथी के परिवार पर उस समय हमला किया गया जब सभी सदस्य घर में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अचानक घर में घुसकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


इस हमले में राजेश सारथी (35 वर्ष), मंदो बाई सारथी (55 वर्ष) एवं मासूम प्रशांत सारथी (3 वर्ष) की मौत हो गई। दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
हमले में कुमर साय सारथी और संजीता सारथी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।


सूचना मिलते ही बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Latest