सारंगढ़

अनियंत्रित वाहन चालकों पर लगाम लगाने की मांग, रायगढ़ रोड पर हादसे से लोगों में आक्रोश

सारंगढ़। नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित वाहन चालकों पर लगाम लगाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। यातायात नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। इसी बीच रायगढ़ रोड स्थित एक्सिस बैंक के पास हुई सड़क दुर्घटना में सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 की चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे 8 से 10 महिलाएं खेत में मजदूरी करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रायगढ़ रोड, एक्सिस बैंक के पास एक चारपहिया वाहन क्रमांक CG-13 AY 5386 ने अनियंत्रित होकर महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वाहन के महिलाओं की ओर आने और दुर्घटना होने की स्थिति दिखाई देने की बात कही जा रही है।

दुर्घटना में चार महिलाएं वाहन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गईं। सभी घायल महिलाएं वार्ड 11 एवं 12 की रहने वाली तथा गरीब आदिवासी परिवारों से संबंधित बताई जा रही हैं। घायलों का उपचार सारंगढ़ जिला अस्पताल में कराया गया, जबकि एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।q.

शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। मामले में सारंगढ़ पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है तथा शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में चालानी कार्रवाई भी की गई है।

इलाज कराने के आश्वासन से पीछे हटने का आरोप

घटना के बाद आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष रामनाथ सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अजय बंजारे तथा संबंधित वार्ड के पार्षदों की मौजूदगी में आरोपी वाहन चालक एवं उसके परिजनों, बड़े भाई से बातचीत हुई थी। इस दौरान घायल महिलाओं के उपचार का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई थी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अब आरोपी पक्ष इलाज कराने के अपने आश्वासन से पीछे हट रहा है और मामले को न्यायालय में निपटाने की बात कही जा रही है। इससे पीड़ित परिवारों में नाराजगी है।

आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष रामनाथ सिदार ने कहा कि, “इलाज कराने का भरोसा देकर बाद में मुकर जाना न केवल मानवता के खिलाफ है, बल्कि पीड़ितों के साथ किए गए विश्वासघात को भी दर्शाता है।”

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अजय बंजारे ने कहा कि, “पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना हमारी प्रथम प्राथमिकता है। यदि न्याय के लिए आंदोलन करना पड़ा तो हम पीछे नहीं हटेंगे।”

तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने रायगढ़ रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर गति सीमा की अनदेखी, अचानक ओवरटेक तथा यातायात नियमों का उल्लंघन राहगीरों के लिए लगातार खतरा बन रहा है। नागरिकों ने पुलिस एवं यातायात विभाग से नियमित जांच, नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है और घायल महिलाओं के उपचार एवं पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Latest