सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आरक्षक पर अवैध वसूली का आरोप, एसपी से की गई लिखित शिकायत

सारंगढ़। सारंगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक विमल जांगड़े पर अवैध वसूली और झूठे प्रकरण में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ को लिखित शिकायत सौंपी है।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता धनेश्वरी सिदार ने आवेदन में बताया कि आरक्षक विमल जांगड़े उनके पति प्रशांत राजपूत से “गलत कार्य कराने” के नाम पर समय-समय पर 20 हजार से 30 हजार रुपये तक की मांग करता रहा है।
आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को दोबारा 30 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर आरक्षक ने प्रशांत राजपूत को थाना ले जाकर जेल भेजने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि यह घटना सारंगढ़ के सम्राट चौक में हुई, जहां उस समय कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
धमकी का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब इस बारे में बात की गई तो आरक्षक ने कहा कि
“जेल भेजवा के रहूंगा। आईजी, डीआईजी जहां शिकायत करना है कर लो, कोई कुछ नहीं कर सकता।”
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।




