सारंगढ़ बिलाईगढ़

प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न, 91% उपस्थिति रही ऐतिहासिक

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026-27 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल सारंगढ़ में दिनांक 10 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 1:00 बजे तक कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के मार्गदर्शन में परीक्षा आयोजित की गई।

444 में से 402 बच्चे हुए शामिल – 91% उपस्थिति
प्रवेश परीक्षा के सहायक नोडल अधिकारी विमल कुमार अजगल्ले ने बताया कि जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के परीक्षा केंद्र सजेस सारंगढ़ में कुल 444 बच्चे दर्ज थे। इनमें से 402 बच्चे परीक्षा में उपस्थित हुए जबकि 42 बच्चे अनुपस्थित रहे। इस प्रकार 91 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो ऐतिहासिक रही।

केंद्राध्यक्ष अभय बैरागी, प्राचार्य ने पर्यवेक्षकों के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई।

सभी विभागों का रहा विशेष योगदान
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, पीएचई विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद सारंगढ़ तथा आदिवासी विकास विभाग के अधीक्षक-अधीक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

पालकों की जागरूकता से संभव हुई सफलता
सभी पालकगण शिक्षा और बच्चों के भविष्य के प्रति जागरूकता के कारण ही अपने बच्चों को परीक्षा में शामिल कराने पहुंचे। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक परीक्षा दी।

नाश्ता-पानी की रही व्यवस्था
आदिवासी विकास विभाग की ओर से सभी परीक्षार्थी बच्चों के लिए नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था की गई थी, जिससे बच्चे बहुत प्रसन्न नजर आए।

आभार ज्ञापन
प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न कराने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागों, कर्मचारियों एवं पालकों का आदिवासी विकास विभाग सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से आभार व्यक्त किया गया है।

Related Articles

Latest