परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ मनाया रक्षाबंधन

भाजपा नेत्री राधिका चंद्रा ने पुलिस भाइयों को बांधी राखी, भाइयों ने दिया सुरक्षा का वचन
सारंगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सारंगढ़ महिला मोर्चा की जिला सोशल मीडिया प्रभारी राधिका परिमल चंद्रा ने अपने साथियों के साथ कोसीर थाना पहुंचकर वहां पदस्थ पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी बहन को आशीर्वाद देते हुए उसकी रक्षा का वचन दिया।
राधिका चंद्रा पिछले 10 वर्षों से लगातार रक्षाबंधन के अवसर पर कोसीर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के चलते कई बार रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी अपने परिवार और बहनों के बीच नहीं पहुंच पाते। ऐसे में उन्हें अपने परिवार की कमी महसूस न हो, इसी भावना के साथ वह हर वर्ष पुलिस भाइयों के बीच पहुंचकर राखी बांधती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भाइयों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें बेहद खुशी मिलती है।
रक्षाबंधन के अवसर पर सहायक उप निरीक्षक केश राम जांगड़े ने राधिका चंद्रा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनके थाना पहुंचकर राखी बांधने से पुलिसकर्मियों को भी अपने परिवार जैसा अपनापन महसूस होता है। उन्होंने बहन की रक्षा का वचन देते हुए इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर प्रशिक्षु सहायक उप निरीक्षक उमा शंकर ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक केश राम जांगड़े, प्रधान आरक्षक छत्रपति जोल्हे, भीम सेन सिदार, चंद्रपाल दास महंत, आरक्षक सुरेश बर्मन एवं प्रदीप रात्रे सहित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में परिमल चंद्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कोसीर एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ तथा सह प्रभारी जिला रायगढ़, और बाबूलाल लहरे, कार्यालय प्रभारी कोसीर भी उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने वाला रहा। परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ बहन के स्नेह का यह रिश्ता निश्चित रूप से पर्व की सार्थकता को और बढ़ाता है।





