सारंगढ़

नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख की ठगी, एक साल से फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

सारंगढ़। शासकीय स्कूल में प्यून की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी करने वाले एक साल से फरार आरोपी को सारंगढ़ पुलिस ने कोरबा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 35 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन और बैंक पासबुक जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं डीएसपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ की टीम ने यह कार्रवाई की।

प्रकरण में आरोपी की पहचान गौरीशंकर नारंग (44 वर्ष), निवासी रजगामार, थाना बालकोनगर, जिला कोरबा के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी महेश राम चौहान निवासी रजगामार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2019 में आरोपी ने शासकीय स्कूल में प्यून पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उससे 1 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही राशि लौटाई।

शिकायत की जांच के बाद मामला सारंगढ़ थाना स्थानांतरित किया गया, जहां 6 मई 2025 को आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार था।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कोरबा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से 35 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन एवं बैंक पासबुक जब्त की गई। आरोपी को 2 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक अंजान सिंह, पीएसआई चंचल नेहा चंद्राकर, आरक्षक योगेश, प्रमोद पटेल, गौतम जांगड़े, अरविंद सिदार सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Latest