सारंगढ़ बिलाईगढ़

रुका वेतन निकालने के बदले मांगी रिश्वत: एसीबी ने बीईओ और संकुल समन्वयक को दबोचा


शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर एसीबी का शिकंजा: बरमकेला बीईओ रिश्वत लेते गिरफ्तार

बरमकेला में एसीबी की पहली बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत दराज में रखते पकड़ा गया अधिकारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। एसीबी बिलासपुर ने जिले के शिक्षा विभाग में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए बरमकेला के खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में सहयोगी संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली, थाना बरमकेला के शिक्षक निरंजन बरिहा ने एसीबी इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, शिक्षक निरंजन बरिहा और उनके साथी मुकेश सोना मार्च माह में इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गए थे। डॉक्टर न मिलने पर दोनों आधा घंटा देरी से स्कूल पहुंचे, जिस पर उनकी गैरहाजिरी दर्ज कर दी गई।

खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जवाब देने के बावजूद जांगड़े ने दोनों का मार्च माह का वेतन रोक दिया। जब शिक्षक वेतन के लिए मिले तो जांगड़े ने 5000-5000 रुपये के हिसाब से कुल 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाया गया। सत्यापन के दौरान सामने आया कि संकुल समन्वयक झीकीपाली संजय चौहान भी रिश्वत दिलाने में जांगड़े का सहयोग कर रहा था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

आज 17 अप्रैल 2026 को प्रार्थी निरंजन बरिहा को रिश्वत की रकम लेकर बीईओ कार्यालय बरमकेला भेजा गया। आरोपी जांगड़े ने रकम लेकर टेबल की दराज में रख ली, तभी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि 10 हजार रुपये बरामद कर ली गई है।

एसीबी ने आरोपी बीईओ नरेंद्र जांगड़े और सहयोगी संकुल समन्वयक संजय चौहान के विरुद्ध धारा 7, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि एसीबी द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। बरमकेला क्षेत्र में एसीबी की यह पहली और सफल प्रभावी कार्रवाई है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विभाग का लोकसेवक रिश्वत मांगे तो तत्काल सूचना दें।*

Related Articles

Latest