सारंगढ़

58 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के एरियर्स का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठा

भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ खुंटे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, बकाया राशि दिलाने की मांग

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 58 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वर्ष 2016 से 2021 तक के लंबित वेतन एरियर्स का मामला अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष पहुंच गया है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ खुंटे ने कर्मचारियों की लंबित मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बकाया एरियर्स का भुगतान कराने की मांग रखी। इस दौरान मामले को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

2016 से 2021 तक का एरियर्स लंबित

बताया गया कि जिले के 58 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नियमित वेतनमान के एरियर्स की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। कर्मचारियों की ओर से बकाया राशि के साथ ब्याज सहित भुगतान किए जाने की मांग की जा रही है। लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हाईकोर्ट ने चार माह में निर्णय लेने के दिए निर्देश

इस मामले में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा 6 मई 2026 को पारित आदेश में संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत लंबित अभ्यावेदन पर चार माह के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, न्यायालय के आदेश में सीधे एरियर्स भुगतान का निर्देश नहीं दिया गया है। ऐसे में कर्मचारियों की ओर से अब शासन स्तर पर मामले के निराकरण की मांग की जा रही है।

मुख्यमंत्री के समक्ष रखी कर्मचारियों की मांग

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दीनानाथ खुंटे ने 58 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लंबित एरियर्स से संबंधित पूरे मामले से अवगत कराया तथा कर्मचारियों को उनकी बकाया राशि दिलाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद कर्मचारियों को अपने लंबित प्रकरण के निराकरण की उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार चौहान एवं भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला कार्यसमिति सदस्य रामगुलाल साहू भी उपस्थित रहे।

कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित एरियर्स का शीघ्र निराकरण कर उन्हें उनका वैधानिक बकाया भुगतान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री के समक्ष मामला पहुंचने से अब इस प्रकरण में आगे कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है।

Related Articles

Latest