सारंगढ़

प्रति सोमवार तहसील कार्यालय में जनदर्शन करेंगे तहसीलदार एन. किशोर सिन्हा

सीएम हेल्पलाइन समेत सभी शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर रहेगा जोर

सारंगढ़। आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर तहसीलदार एन. किशोर सिन्हा ने नई पहल की है। अब तहसील कार्यालय में प्रति सोमवार जनदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर सीधे तहसीलदार के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकेंगे।

तहसीलदार एन. किशोर सिन्हा ने बताया कि जनदर्शन, समय-सीमा, सीएम हेल्पलाइन 1076 तथा अन्य सभी शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है। आवेदक प्रत्येक सोमवार को स्वयं उपस्थित होकर अपनी समस्या और प्रकरण के संबंध में अपना पक्ष रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक को न्यायालय अथवा तहसील कार्यालय में आने में असुविधा हो तो वह फोन के माध्यम से भी अपनी समस्या से अवगत करा सकता है। वहीं सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के संबंध में संबंधित आवेदकों से स्वयं संपर्क कर उनकी समस्या और शिकायत की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने की बात भी तहसीलदार ने कही है।

तहसीलदार ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा आमजन को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई है। माना जा रहा है कि तहसीलदार की इस पहल से लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी आएगी और पीड़ित लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय मिल सकेगा।

Related Articles

Latest