भटगांव में 100 से अधिक बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के पैंतरे

भटगांव। बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यूनाइटेड कराटे एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, ब्लॉक यूनिट भटगांव के तत्वावधान में 22 अगस्त को एक दिवसीय कराते प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कराते की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम में संगठन अध्यक्ष भोजराज साहू, जिला अध्यक्ष (बिलाईगढ़-सारंगढ़) शिवा सारथी, संभागीय संगठन अध्यक्ष त्रिलोचन पटेल, आमंत्रित विशिष्ट अतिथि एवं कराते प्रशिक्षक टाइगर कुर्रे तथा आयोजक एवं ब्लॉक यूनिट अध्यक्ष कमलेश्वर निराला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि कराते प्रशिक्षक टाइगर कुर्रे ने बच्चों को कराते के तकनीकी पहलुओं, मानसिक संतुलन और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कराते केवल वार करने की कला नहीं, बल्कि आत्म-नियंत्रण, सजगता और विपरीत परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का माध्यम है।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कराते प्रशिक्षक देवनारायण बरिहा और लता साहू ने बच्चों को बेसिक स्टांस, किक, पंच सहित आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के दांव-पेंच सिखाए। प्रशिक्षक हेमलता साहू और साधना साहू ने भी बच्चों की तकनीकों को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश्वर निराला के नेतृत्व एवं तोशराम पटेल के विशेष सहयोग से आयोजित शिविर में अन्य जिलों से पहुंचे प्रशिक्षकों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों, पालकों और खेलप्रेमियों का भी सहयोग रहा। शिविर के समापन अवसर पर आयोजकों ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, पालकों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




