सारंगढ़

साइबर ठगी से बचाव के लिए जिले में चलेगा व्यापक अभियान

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक 7 चरणों में होगी जागरूकता, एसपी सुनील शर्मा ने पोस्टर व ‘सेल्फी QR’ का किया विमोचन

सारंगढ़। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर आयोजित इस अभियान को सात चरणों में संचालित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अभियान के आधिकारिक पोस्टर एवं ‘सेल्फी QR कोड’ का विमोचन किया।

अभियान के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांवों और नगरीय क्षेत्रों तक आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। पहले चरण में विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग और फिशिंग जैसे साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सोशल मीडिया से जुड़ेगी जनभागीदारी

अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ पहल शुरू की गई है। ‘सेल्फी QR कोड’ के माध्यम से लोग अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकेंगे। जिला पुलिस एवं थाना प्रभारियों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाकर QR कोड का प्रचार किया जाएगा।

गांधी जयंती पर होगा ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प

अभियान के अंतिम चरणों में डेटा प्राइवेसी के साथ ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प दिलाया जाएगा। अभियान का समापन 2 अक्टूबर को होगा।

एसपी सुनील शर्मा ने जिले के पत्रकारों से अपील की कि वे अपने समाचार पत्रों, मीडिया प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस, एसडीओपी गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest