गुपचुप खाने से 40-50 लोगों को फूड पॉइजनिंग, सरकारी अस्पताल में भर्ती, कलेक्टर ने जाना हाल
सारंगढ़। सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम रेड़ा में गुपचुप खाने से करीब 40 से 50 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद सभी को सारंगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू अस्पताल पहुंचीं और मरीजों का हाल जाना।
गुपचुप खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक ठेले से गुपचुप खाने के बाद देर शाम से लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई। देखते ही देखते बच्चों, महिलाओं समेत 40-50 लोग प्रभावित हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।
कलेक्टर ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
सूचना मिलते ही कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सिविल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। CMHO और डॉक्टरों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि “स्थिति नियंत्रण में है, घबराने की जरूरत नहीं। खाद्य पदार्थ की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।”
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर गुपचुप के सैंपल लिए हैं और ठेले वाले की पहचान की जा रही है। BMO को गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों को खाने से बचें और कोई भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।




