पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे को मिलेगा ‘श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान 2026’

सारंगढ़। रायपुर के वृंदावन हॉल में 23 अगस्त को रायपुर साहित्य सृजन संस्थान के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर के ख्यातिलब्ध साहित्यकार एवं कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। साथ ही साहित्य, समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभावान व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा।
इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे ‘साहिल’ को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन योगदान के लिए ‘श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। रायपुर साहित्य सृजन संस्थान के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा ने उन्हें समारोह में सम्मानित होने के लिए आमंत्रित किया है।
लक्ष्मीनारायण लहरे पिछले 26-27 वर्षों से साहित्य सृजन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने पत्रकारिता को समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का माध्यम बनाया है। साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय पहचान रही है। हिंदी साहित्य सृजन के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ काव्य रत्न, काव्य श्री, काव्य गौरव, साहित्य कला रत्न तथा दबंग हिंदी सेवा सम्मान सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
पत्रकारिता और साहित्य के माध्यम से वे लंबे समय से समाज के सजग प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। सम्मान की घोषणा पर लक्ष्मीनारायण लहरे ने कहा कि ‘श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान 2026’ केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उनके अग्रज संपादकों और पत्रकार साथियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़, रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ संपादकों एवं पत्रकार साथियों ने उनके संवाद और समाचारों को पाठकों तक पहुंचाने में हमेशा सहयोग दिया है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों का स्नेह और सहयोग उन्हें निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रायपुर साहित्य सृजन संस्थान एवं संस्थान के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव के साथ-साथ सामाजिक एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है।




