सारंगढ़

चंदाई में 25 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार


पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

सारंगढ़। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम चंदाई में कार्रवाई करते हुए एक शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 लीटर कच्ची देशी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, शराब एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सारंगढ़ प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चंदाई निवासी टुकेश्वर कुर्रे पिता रामप्रसाद ग्राम दुर्गापाली की ओर से अवैध शराब लेकर पैदल चंदाई की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्गापाली और चंदाई के बीच नहरपार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास प्लास्टिक बोरी में सफेद पन्नी के अंदर 25 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, पीएसआई चंचल, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, आरक्षक संजय भारद्वाज, विमल जांगड़े सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Latest