सारंगढ़

एक पेड़ अडानी के नाम’ से गरमाई सियासत सरकार पर बरसे – रमेश खूंटे

विश्व आदिवासी दिवस पर सरकार की वन नीति पर बरसे रमेश खूंटे, बोले—जल-जंगल-जमीन की बलि देकर वन महोत्सव का पाखंड कर रही सरकार

सारंगढ़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार की वन नीतियों और प्राकृतिक संसाधनों के कथित दोहन को लेकर मोर्चा खोल दिया। गृह ग्राम चंदाई में मंडल अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) रमेश खूंटे के नेतृत्व में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाया।

कार्यक्रम के दौरान रमेश खूंटे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता आया है, लेकिन आज उन्हीं प्राकृतिक संसाधनों पर संकट खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर पर्यावरण संरक्षण के नाम पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ और वन महोत्सव जैसे अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर बड़े उद्योगपतियों के हितों के लिए जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

खूंटे ने कहा, “अगर जंगलों को काटकर प्राकृतिक संसाधनों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को पहुंचाना ही सरकार की मंशा है, तो फिर वन महोत्सव के नाम पर दिखावा क्यों? इसी दोहरे चरित्र को उजागर करने के लिए हमने ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाया है।”

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि यहां के आदिवासी समाज की जीवनरेखा और आजीविका का आधार हैं। जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों से छेड़छाड़ का सीधा असर आदिवासी समुदाय के जीवन पर पड़ता है। प्रदेश की हरियाली और प्राकृतिक संपदा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ जनता स्वीकार नहीं करेगी।

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

रमेश खूंटे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जंगलों की वास्तविक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी हितों को प्राथमिकता नहीं दी, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित यह पौधरोपण कार्यक्रम महज पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की वन नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का राजनीतिक विरोध भी बनकर सामने आया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र वारे, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पुराइन, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष सागर दीवान, राहुल खूंटे, योगेंद्र भारद्वाज, बाबूलाल भारद्वाज, दीनदयाल मैत्री, रमेश भारद्वाज, भरत भारद्वाज, कमलेश, राकेश मैत्री, सुजीत वारे, सूरज कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest