रायपुर

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में गूंजेंगी देशभर के कवियों की रचनाएं


रायपुर। साहित्य सृजन संस्थान के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर 23 अगस्त को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। शहर के सिविल लाइन्स स्थित वृंदावन हॉल में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले इस साहित्यिक आयोजन में देशभर के राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।

संस्था के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में नई दिल्ली से डॉ. पूनम माटिया, रायबरेली से डॉ. गोविंद गज़ब, पटना से डॉ. प्रीति सुमन, बैतूल से राजकुमार राज, जबलपुर से बसंत कुमार शर्मा तथा उमरिया से रंजना गौतम सहित अनेक प्रमुख कवियों की सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस डॉ. संजय अलंग होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री शिव ग्वालानी उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में स्थानीय कवियों को भी ओपन माइक के माध्यम से काव्य पाठ का अवसर दिया जाएगा। इसके साथ ही चयनित कवियों, विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों एवं पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। समारोह के दौरान पुस्तक विमोचन भी होगा।

साहित्य, कविता और संस्कृति के इस आयोजन को लेकर साहित्य प्रेमियों में उत्साह है। आयोजकों ने अधिक से अधिक साहित्यप्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होकर कवियों की रचनाओं का आनंद लेने की अपील की है।

Related Articles

Latest