व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने डिप्टी कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा मांगपत्र

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने एकजुट होकर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रिचा सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया को मांगपत्र सौंपा।
मांगपत्र में व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने सम्मानजनक मानदेय, नियमित मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, लंबित मानदेय एवं एरियर का भुगतान, नई निविदा में पूर्व से कार्यरत प्रशिक्षकों को यथावत रखने, इंडस्ट्रियल विजिट एवं गेस्ट लेक्चर की लंबित राशि का भुगतान तथा अवकाश सुविधा सहित विभिन्न मांगें रखीं।

संगठन ने बताया कि व्यावसायिक प्रशिक्षक पिछले लगभग एक दशक से शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी कई मूलभूत सेवा संबंधी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं।
प्रशिक्षकों ने शासन-प्रशासन से वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है, ताकि उन्हें बेहतर कार्य परिस्थितियां मिल सकें और वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कौशल शिक्षा प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे और संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।




