जिला अस्पताल की OPD से गायब डॉक्टर, मरीज परेशान

CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज, CMHO के आदेश के बाद भी नहीं सुधरे हालात
सारंगढ़। जिला अस्पताल में मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। OPD समय में डॉक्टरों के नदारद रहने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। 9 जून 2026, मंगलवार संध्याकालीन OPD समय 5:00 से 7:00 बजे भी अस्पताल में हालात बद से बदतर रहे।
प्रत्यक्ष अवलोकन में पाया गया कि 29 डॉक्टरों की टीम होने के बावजूद केवल डॉ. अनूप अग्रवाल, एक्स-रे विभाग ही पंजीयन कक्ष में उपस्थित मिले। शेष कोई विशेषज्ञ डॉक्टर OPD में नहीं था। दूरदराज से आए मरीज खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।
मामले को लेकर स्थानीय नागरिक नाथू लाल केड़िया ने CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत क्रमांक CC260600000831 9 जून दोपहर 2:03 बजे दर्ज की गई थी। शाम 5-7 बजे की स्थिति का वीडियो/छायाचित्र भी सबूत के तौर पर उपलब्ध है, जो अस्पताल की हकीकत बयां कर रहा है।
CMHO का आदेश हवा में, सिविल सर्जन मौन
इससे पहले सुशासन तिहार 2026 में इसी मुद्दे पर शिकायत हुई थी। CMHO कार्यालय ने पत्र क्र. सुशासन तिहार /2026/6639 दिनांक 29/05/2026 द्वारा सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल को OPD समय 9:00-1:00 व 5:00-7:00 बजे डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
पर 9 जून शाम 5 बजे सिविल सर्जन का ऑफिस बगल में होने के बावजूद OPD खाली रही। सवाल ये है कि जब उच्च अधिकारी परिसर में ही मौजूद हैं, तो डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर त्वरित कार्रवाई का दायित्व उनका नहीं बनता क्या? अधिकारी सिर्फ जवाबी लेटर तैयार कर “तथ्यात्मक जांच” की बात कहकर कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं।
मरीज बोले – “रोज का यही हाल”
मरीजों का कहना है कि सुबह से नंबर लगवाकर बैठते हैं, पर डॉक्टर नहीं आते। मजबूरी में लोगों को या तो इतनी दूर से आकर खाली हाथ लौटना पड़ता है, या फिर प्राइवेट अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते हैं। कई बार तो इन्हीं सरकारी डॉक्टरों के घर जाकर निजी फीस देकर इलाज कराना पड़ता है।




