कोसीर

पिता की मौत के बाद मिले पैसों के बंटवारे पर विवाद, दो माह तक जंजीर से बांधकर रखा – तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, दो भाई और भाभी गिरफ्तार

कोसीर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के मण्डलपारा में 28 वर्षीय युवक नितेश कुमार बंजारे की संदिग्ध मौत ने सबको झकझोर दिया। हाथ-पैर जंजीर से बंधे होने के बावजूद फांसी पर लटका मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। जांच में खुलासा हुआ कि पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने जान दी। पुलिस ने दो भाई और भाभी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

21 मई को कमरे में मिला था शव
घटना 21 मई 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। नितेश कुमार बंजारे अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

ASP के निर्देश पर हुई गंभीर जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए ASP एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन और SDOP स्नेहिल साहू के निर्देश पर थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे को गहन जांच के आदेश दिए गए। पूछताछ में धीरे-धीरे सच्चाई सामने आई।

पैसों के बंटवारे को लेकर करते थे प्रताड़ित
जांच में पता चला कि पिता के देहांत के बाद मृतक नितेश के खाते में कुछ पैसे आए थे। इसी रकम के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि भाई रोशन बंजारे, उसकी पत्नी अश्वनी बंजारे और दूसरे भाई सतीश बंजारे ने नितेश को मानसिक बीमार बताकर दो माह से हाथ-पैर जंजीर से बांधकर कमरे में बंद कर रखा था।

खाना तक नहीं देते थे, करते थे मारपीट
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपी मृतक को खाना तक नहीं देते थे। गाली-गलौज और मारपीट रोज की बात थी। लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर नितेश ने आत्महत्या कर ली।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए रिमांड पर
पुलिस ने मृतक के भाई रोशन बंजारे, भाभी अश्वनी बंजारे और भाई सतीश बंजारे के खिलाफ धारा 108, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच जारी
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Latest