रायपुर

संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिलेभर में होंगे समरसता संकल्प अभियान के कार्यक्रम : ज्योति पटेल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत कलश यात्राएं निकाली जाएंगी तथा संत रविदास के जीवन-दर्शन और विचारों से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा तक लगातार संचालित रहेगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता समाज में एकता, संवेदनशीलता और समावेशिता का संदेश लेकर घर-घर पहुंचेंगे।
ज्योति पटेल ने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल कलश का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की उपस्थिति में किया गया। इसके बाद 4 अगस्त को पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, साधु-संतों तथा विभिन्न समाजों के प्रमुखों की मौजूदगी में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके पश्चात प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में भी पवित्र कलश का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण सुदृढ़ हो।

Related Articles

Latest