टमाटर की बाड़ी में अवैध करंट से 3 दुधारू गायों की मौत, 10 दिन के बछड़े हुए अनाथ – कलगिड़ीपा के पशुपालक विकास अग्रवाल की शिकायत

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध बिजली करंट से एक बड़ी घटना सामने आई है। ग्राम कलगिड़ीपा निवासी पशुपालक विकास अग्रवाल की 3 दुधारू गायों की मौत टमटोरा गांव के पास जोरीडीपा खार में बिछाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से हो गई। मृत गायों के 10 से 15 दिन के बछड़े अनाथ हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला
विकास अग्रवाल ने बताया कि वे 30-35 गौवंश का पालन कर अपनी आजीविका चलाते हैं। दिनांक 15 मई 2026 को दोपहर 12 बजे के आसपास उनकी गायें चरते-चरते पास के गांव टमटोरा के जोरीडीपा खार पहुंचीं। यहां रोशन चौहान पिता हेमसागर चौहान, निवासी टमटोरा ने अपने टमाटर की बाड़ी में अवैध रूप से बिजली का करंट फैला रखा था।
‘जानबूझकर लगाया करंट’ – पीड़ित का आरोप
विकास अग्रवाल का आरोप है कि रोशन चौहान यह जानते हुए भी कि खुले में करंट से किसी भी जीव की मौत हो सकती है, पिछले 5 साल से लगातार अवैध कनेक्शन लगाकर बाड़ी की सुरक्षा कर रहा था। इससे पहले भी जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचता रहा है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पढ़ा-लिखा होने के बावजूद लापरवाही बरत रहा था।

अभ्यारण्य से 200 मीटर दूर, तालाब के पास लगाया करंट
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस जगह करंट लगाया गया वह अभ्यारण्य से महज 200 मीटर की दूरी पर है। पास ही एक तालाब भी है जहां सभी मवेशी पानी पीने जाते हैं। इसी तालाब की तरफ जाते समय तीनों गायें करंट की चपेट में आ गईं।
25-30 लीटर रोज दूध देने वाली गायें थीं
मृत तीनों गायें बड़े नस्ल की दुधारू थीं। प्रत्येक गाय रोज 25 से 30 लीटर दूध दे रही थी। इनकी अचानक मौत से विकास अग्रवाल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा दर्दनाक यह है कि तीनों गायों के बछड़े अभी सिर्फ 10 से 15 दिन के हैं, जो अब अनाथ हो गए हैं।




