गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन–तिलहन अपनाने का आह्वान

उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने ली किसानों की बैठक

बिलाईगढ़।आज उप संचालक कृषि, सारंगढ़ श्री आशुतोष श्रीवास्तव द्वारा वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय, विकासखंड बिलाईगढ़ में किसानों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 50 कृषकों की उपस्थिति रही। बैठक में गिरते भू-जल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने के फायदे, उत्पादन संभावनाएं एवं कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पीएम-आशा योजना अंतर्गत समर्थन मूल्य पर सरसों खरीदी की जानकारी दी गई, साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से किसानों को अवगत कराया गया। बैठक में सोलर वेंडर श्री आनंद ताम्रकार की उपस्थिति में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि किस प्रकार इस योजना के माध्यम से वे अपने घर के बिजली बिल से मुक्त हो सकते हैं, जिससे बड़ी संख्या में किसान प्रेरित हुए।
बैठक उपरांत उप संचालक कृषि द्वारा ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल अपनाने वाले किसानों के खेतों का प्रक्षेत्र भ्रमण किया गया। ग्राम सलिहा के किसान श्री बालाराम द्वारा मूंगफली एवं सूरजमुखी की खेती तथा ग्राम मलुहा की किसान श्रीमती प्रणेश्वरी नेताम द्वारा ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर लगभग 6 एकड़ में टमाटर की खेती का अवलोकन किया गया।
प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि सारंगढ़ से श्री जय प्रकाश गुप्ता (कृषि विकास अधिकारी), सोलर वेंडर श्री आनंद ताम्रकार, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री रामगुलाल साहू, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर श्री प्रकाश कुमार थवाईत सहित अन्य अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
बैठक एवं भ्रमण के माध्यम से किसानों को जल संरक्षण, फसल विविधीकरण एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।





