सारंगढ़ में पार्षद को जातिगत गाली व जान से मारने की धमकी, सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज

सारंगढ़। वार्ड क्रमांक 10 खैराहा निवासी एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष/पार्षद रामनाध सिदार ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। प्रार्थी अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंध रखते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11 बजे देवांगन पारा, खैराहा में शासकीय भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद रामनाध सिदार वहां पहुंचे। आरोप है कि संतोष गुप्ता ने उन पर भूमि बिक्री को लेकर झूठा आरोप लगाते हुए अपमानजनक एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। प्रार्थी का कहना है कि उक्त धमकी से वे भयभीत हैं और उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका है
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में कमल भारद्वाज, लक्ष्मी सिदार और खगेश्वर प्रसाद यादव के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने कथित रूप से विवाद को देखा और सुना।
पार्षद ने सिटी कोतवाली सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




