

सारंगढ़///उप संचालक कृषि जिला
सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री आशुतोष श्रीवास्तव के निर्देशन में विकासखंड बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्रीष्मकालीन धान फसल के स्थान पर दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
इसी क्रम में ग्राम नवापारा के किसान श्री पन्नालाल चौहान द्वारा 5 एकड़ क्षेत्र में उड़द तथा 1 एकड़ में मूंग की फसल की बोनी की गई। किसान ने बताया कि वह पूर्व में लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन धान की खेती करता था, लेकिन इस वर्ष कृषि विभाग के अधिकारियों की सलाह पर उसने दलहन फसलों को अपनाया है, जिससे दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
कृषि विभाग द्वारा किसान को 5 एकड़ के लिए उड़द एवं 1 एकड़ के लिए मूंग का बीज निःशुल्क प्रदान किया गया।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान की तुलना में दलहन एवं तिलहन फसलों में पानी की आवश्यकता काफी कम होती है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ लागत में भी कमी आती है। उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित होकर बीज की बोनी करवाई तथा किसानों को दलहन–तिलहन फसलों के महत्व की जानकारी दी।
इस बोनी कार्यक्रम में ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी श्री दीनानाथ साहू, प्रकाश कुमार थवाईत (ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर) सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे।




