Uncategorized

विकासखंड स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

बिलाईगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन बिलाईगढ़ मुख्यालय में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद सदस्य एवं सभापति प्रतिनिधि पवन जायसवाल, तहसीलदार कमलेश सिदार, सीईओ जनपद पंचायत बिलाईगढ़ प्रतीक प्रधान तथा बीईओ आर.के. कोशले द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया।

योग प्रशिक्षक भागवत प्रसाद साहू एवं सहयोगी प्रशिक्षक कलेश्वर साहू ने उपस्थित लोगों को ग्रीवा चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, हलासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान नियमित योग को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ प्रतीक प्रधान ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक गोविंद अजय, प्राचार्य पी. जायसवाल, समन्वयक दिनेशकांत आदित्य, स्वास्थ्य विभाग की टीम, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-छात्र एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest