कार्यक्रम प्रभारी इंदुभूषण पड़वार ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर उठाए सवाल, बोले– वोट चोरी के मुद्दे को बूथ स्तर तक पहुंचाएगी कांग्रेस
भटगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के मार्गदर्शन में नगर पंचायत भटगांव में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत जनचौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भटगांव मंडल अध्यक्ष रामा हिरवानी एवं मंडल सहप्रभारी दयाल कोसले ने किया। कार्यक्रम में प्रभारी के रूप में इंदुभूषण पड़वार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनचौपाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामा हिरवानी, लता जाटवर, रामसाय बघेल, जागेश्वर लहरे एवं राजकुमार जांगड़े सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
वोट चोरी के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
कार्यक्रम प्रभारी इंदुभूषण पड़वार ने अपने संबोधन में केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति में वोट चोरी से जुड़े आरोपों और कथित सबूतों को सार्वजनिक रूप से उठाया गया था।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए ईवीएम में दर्ज मतों और मतदाताओं की संख्या के बीच कथित अंतर का मुद्दा भी उठाया। पड़वार ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य इन सवालों को जिला, ब्लॉक, मंडल से लेकर प्रत्येक पोलिंग बूथ तक जनचौपाल और जनसंवाद के माध्यम से आम जनता के बीच पहुंचाना है।
मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की बुनियाद
इंदुभूषण पड़वार ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान के माध्यम से अपना जनप्रतिनिधि चुनने का अधिकार दिया है। इस अधिकार की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना निर्वाचन व्यवस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि देश में बढ़ते भ्रष्टाचार, अनियंत्रित महंगाई, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उठते सवालों और राजनीतिक अराजकता के खिलाफ आम नागरिकों को जागरूक होना आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नेमीचंद केशरवानी ने संबोधित करते हुए उपस्थित सभी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नेमीचंद केशरवानी, रामसाय बघेल, राजकुमार जांगड़े, जागेश्वर लहरे, लता जाटवर, अप्पू नवरंग, कांग्रेस पार्षद रेनू सोनी, दुर्गेश्वरी हिरवानी, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष योगेश्वरी साहू, चंद्रशेखर हिरवानी, राजकुमार सोनवानी, मनोज टंडन, पूर्व एल्डरमैन सुधराम यादव, डॉ. धरम आदित्य, विनोद रात्रे, राहुल साहू, दिलीप रात्रे, असरद खान, जलील बेग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
