भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित, 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ में होगा भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम
सारंगढ़। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और बलिदान की ऐसी गाथा है, जो आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। उनका योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के लिए अतुलनीय है। यह बातें वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार ने जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।
अंग्रेजी हुकूमत के शोषण के खिलाफ बुलंद की थी आवाज
श्री सोमावार ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। बचपन से ही मेधावी रहे बिरसा मुंडा ने मिशनरी स्कूल में शिक्षा प्राप्त की। इसी दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के साथ हो रहे शोषण, अन्याय और उनकी जमीनों पर कब्जे की स्थितियों को समझा। इसके बाद उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की अल्पायु में 9 जून 1900 को अंग्रेजों की कैद में उनका निधन हो गया, लेकिन उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा।
जनजातीय नायकों को सम्मान दिलाने की दिशा में भाजपा की पहल
श्रीकांत सोमावार ने कहा कि लंबे समय तक देश के जनजातीय नायकों के योगदान को वह सम्मान और पहचान नहीं मिल पाई, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। भाजपा ने जनजातीय समाज को केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और विकास का अभिन्न अंग मानते हुए उनके सम्मान और उत्थान के लिए कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और विकास को नई प्राथमिकता मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी इसी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
धरमजयगढ़ में होगा भव्य जनजातीय गौरव कार्यक्रम
श्री सोमावार ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ में भव्य जनजातीय गौरव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदाय के आवास, रोजगार, शिक्षा और समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला प्रवक्ता भुवन मिश्रा, नगर मंडल अध्यक्ष निखिल केशरवानी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खुंटे, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, कमल सिदार, संजय सोरेंग, सतीश शर्मा एवं गोपाल बरिहा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
