सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने तथा कार्यालयीन कार्यों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय द्वारा राजस्व विभाग के अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। इस संबंध में 14 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत पांच अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, नंदकिशोर सिन्हा को तहसीलदार सारंगढ़ के पद पर यथावत रखा गया है। वहीं नेत्रप्रभा सिदार, जो वर्तमान में तहसीलदार भटगांव के पद पर पदस्थ थीं, उन्हें जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की भू-अभिलेख शाखा में संलग्न किया गया है।
इसी क्रम में प्रकाश पटेल, जो वर्तमान में अतिरिक्त तहसीलदार सारंगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें तहसीलदार भटगांव के साथ-साथ उप पंजीयक भटगांव के दायित्वों का कार्यभार सौंपा गया है।
वहीं आशीष पटेल, अधीक्षक भू-अभिलेख को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ प्रभारी अतिरिक्त तहसीलदार सारंगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा श्री देवराज सिंह सिदार, जो वर्तमान में नायब तहसीलदार बिलाईगढ़ के पद पर पदस्थ थे, उन्हें नायब तहसीलदार सारंगढ़ के रूप में नई पदस्थापना दी गई है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
कलेक्टर के अनुमोदन से जारी यह आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है। आदेश पर अपर कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के हस्ताक्षर हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में राजस्व संबंधी कार्यों के संचालन और अधिकारियों के दायित्वों के पुनर्निर्धारण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
