कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौत पर केंद्र सरकार को घेरा – रमेश खूंटे

मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग
सारंगढ़। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौत पर सामाजिक कार्यकर्ता रमेश खूंटे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
जारी बयान में रमेश खूंटे ने कहा कि कुलगाम में हुए आतंकी हमले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेन्द्र भैना तथा सक्ती जिले के दीपक रात्रे की मौत पूरे प्रदेश के लिए दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रमेश खूंटे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और सुरक्षा व्यवस्था में खामियों के कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करती है, लेकिन जब सुरक्षा में चूक के कारण निर्दोष नागरिकों की जान जाती है तो इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश में सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी प्रकार की नफरत और हिंसा को बढ़ावा न मिले।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि दिवंगत भूपेन्द्र भैना और दीपक रात्रे के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
अंत में रमेश खूंटे ने दोनों दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।




