ओपीडी-आईपीडी सहित विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण, मरीजों से उपचार, दवा और जांच सुविधाओं की ली जानकारी
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की कवायद, मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के दिए निर्देश
सारंगढ़। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने जिला अस्पताल सारंगढ़ का निरीक्षण किया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण में उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार, आवश्यक जांच, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली। मरीजों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनते हुए अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।
ओपीडी-आईपीडी की व्यवस्था पर विशेष फोकस
सीएमएचओ ने जिला अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) एवं अंतरंग रोगी विभाग (आईपीडी) का निरीक्षण कर मरीजों की संख्या, भर्ती मरीजों की स्थिति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता तथा जांच और दवाइयों की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल से विभिन्न विभागों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जाए।
मरीजों के साथ व्यवहार भी स्वास्थ्य सेवा का अहम हिस्सा
सीएमएचओ डॉ. वैष्णव ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं आत्मीय व्यवहार किया जाए। मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप समय पर चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच और उपचार मिलना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि केवल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों को सम्मानपूर्वक और संतोषजनक स्वास्थ्य सेवाएं देना भी उतना ही जरूरी है। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार, विभागों के बीच समन्वय और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिला अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) दीपक जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं जिला अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।
