

कोसीर एकीकृत बाल विकास परियोजना कोसीर के अटल समरसता भवन में छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती के उपलक्ष्य में तीजा पोला मिलन समारोह का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना कोसीर द्वारा किया गया।
उक्त कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा सुआ नृत्य, राउत नाचा, फुगड़ी प्रतियोगिता तथा विभागीय विषयों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में कोसीर क्षेत्र के 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को, जिन्होंने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए थे, सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजू ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री चंद्र कुमार नेताम, महिला एवं बाल विकास समिति के सभापति श्री रोहित महिलाने, जनपद पंचायत सदस्य कोसीर के हीरा भैरवनाथ जाटवर, गोड़ीहरी की कोमल शशी पटेल, भद्रा की मीना घनश्याम टंडन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिका विनोद भारद्वाज, ग्राम पंचायत कोसीर के सरपंच श्री सुमन राजेंद्र राव, पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शासकीय कन्या हाई स्कूल के शिक्षक आर. पी. जांगड़े की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी को तीजा–पोला की शुभकामनाएं दीं।
यह पूरा आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना कोसीर की प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती चंचन रात्रे, पर्यवेक्षकों एवं समस्त कार्यकर्ताओं के सहयोग से संपन्न कराया गया।




